बुधवार, 25 मार्च 2015

गाथा गेंद की... खेलते हुए सुनियेगा

बॉल हमारी बहुत जानी पहचानी है। बॉल यानी गोल, गोल यानी बॉल। दादी-दादा खेले। माता-पिता खेले। हम खेले और हमारे बाद बेटी-बेटे। बॉल सबकी प्रिय से भी प्रिय है। कई खेलों का आधार है बॉल। यदि बॉल है तो खेल है, बस हाथ में आ जाए तो खेलने की तरकीब हम ढूंढ ही लेते हैं। बॉल पकड़ी जाती है। फेंकी जाती है। उछाली और झेली जाती है। धकेली तथा चलाई भी जाती है... इस बॉल  ने हर सभ्‍यता और संस्‍कृति में अपनी मौजूदगी दिखाई है, चाहे माया जैसी सभ्‍यता ही क्‍यों न हो, जिसकी तस्‍वीर मिली है। अन्‍यत्र उत्‍खननों में साबुत बॉलें मिली हैं....। नाम तो है इसका गेंद या गेंदू मगर संस्‍कृत में कन्‍दुक कहा जाता है। यह 'क' हमारे मुखलाघव के लिए 'ग' में बदल गया है, वैसे ही जैसे प्रकट को प्रगट बोलने में सहुलियत होती है, कुछ नियमों के तहत प्राक् भी प्राग् हो जाता है..।

नींबू, नारियल, कपित्‍थ या कबिती और बेल जैसे किसी फल को देखकर बॉल का निर्माण किया गया होगा। बात गेंद की हो रही है। उत्‍खननों, खासकर हड़प्‍पाकालीन कानमेर-गुजरात याद आता है जहां बजने वाले गेंद भी मिले हैं..। कहीं दौड़ लगवाने वाली होने से इसका नाम दोड़ी या दड़ी पड़ गया तो कहीं डोट या पीटने वाली होने से डोट कहलाई...।

यो तो बालकों को यह बहुत रुचिकर लगती है। हरिवंश में श्रीकृष्‍ण के कंदुक खेल पर तो कई श्‍लोक मिल जाते है, उसको खोजने की आड़ में कालिया नाथ लिया गया...। नारियों ने भी गेंदों की कई क्रीड़ाएं दिखाई हैं तभी तो 'मूंछों पर नींबू ठहराने' जैसी कहावत की तरह 'कूर्पर (कोहनी) पर कंदुक दिखाना' जैसी कहावत भी रही होगी। क्‍यों नहीं, कुषाणकालीन एक वेदिका स्‍तंभ पर ऐसा मोटिफ भी है, जिसमें नायिका अपनी कोहनी पर कंदुक को लिए कौतुक रच रही है।

मृच्‍छकटिकं के रचयिता शूद्रक जैसे रचनाकार को यह खेल इतना भाया कि अपने एक भाण में उन्‍होंने विट के मुंह से इसकी प्रशंसा करवाई कि इस खेल में शरीर की कई क्रियाएं संपन्‍न होती हैं। इन अंग संचालनों में नत, उन्‍नत, आवर्तन, उत्‍पतन, अपसर्पण, प्रधावन वगैरह वगैरह। विट स्‍वयं इन संचालनों को पसंद करता था। उसने सखी-सहेलियों के साथ प्रियंगुयष्टिका नामक एक नायिका की कंदुक क्रीड़ा का वर्णन करते हुए सौ बार गेंद उछालने पर जीतकर खिताब लेने का संदर्भ दिया है... गुप्‍तकाल की यह दास्‍तान है। अनेकानेक मंदिरों में यह क्रीड़ा अनेकत्र देखी जा सकती है। ऐसी नायिकाओं को 'कंदुकक्रीड़ाकर्त्री' के रूप में शिल्‍पशास्‍त्रों में जाना गया है।
है न नन्‍हीं सी गेंद की गौरवशाली गाथा...।

शीतला - चेचक की देवी की विश्‍वयात्रा !

साथियो ! राजस्थान में होली के सात दिन बाद शीतला सप्‍तमी का पर्व मनाया जाता है। इसके एक दिन पूर्व महिलाएं बासोडा अर्थात रसोई की ठंडी सामग्री की तैयार करती है। वे रात में खाना बनाती है और सुबह शीतला की पूजा करके, कथा सुनकर सबको बासोडा या ठंडा खाना खिलाती है। महिलाएं अपने हाथ से इस दिन आग जलाने जैसा काेई काम नहीं करती है। इसके पीछे उसका मकसद यह रहता है कि बच्‍चे बच्चियों को कभी चेचक जैसी बीमारी नहीं हो। इस दिन मां शीतला के गीत गाए जाते हैं - 
सीळी सीळी ए म्‍हारी सीतळा ए माय.. बारुडा रखवाळी सोहे सीतला ए माय...।
इस महाव्‍याधि चेचक का उन्‍मूलन हुए बरस हो गए मगर शीतलादेवी अब भी पूजा के अन्‍तर्गत है। साल में चैत्री कृष्‍णा सप्‍तमी और भादौ कृष्‍णा सप्‍तमी को शीतला की पूजा की जाती है। पश्चिमी भारत ही नहीं, पूरे देश में शीतला की पूजा की जाती है, कई नामों से इसकी प्रतिष्‍ठा है मगर यह ब्राह्मण देवी नहीं मानी गई अन्‍यथा इसके भी पूजा विधान प्रारंभिक शास्‍त्रों में लिखे होते।
इस देवी का स्‍वरूप 12वीं सदी में संपादित हुए स्‍कन्‍दपुराण में आया है और मंत्र के रूप में इसको दिगम्‍बरा, रासभ या गधे पर सवार, मार्जनी-झाडू व कलश लिए तथा शूर्प से अलंकृत बताई गई है -
 
नमामि शीतलादेवी रासभस्‍था दिगम्‍बरा। मार्जनी कलशोपेता शूर्पालंकृता मस्‍तका।।
 
मध्‍यकाल में इसकी मूर्ति बनाने के लक्षण मेवाड में 1487 ईस्‍वी में रचित वास्‍तुमंजरी आदि में लिखे गए।
प्रयाग के रामसुन्‍दर ने शीतला चालीसा को लिखा जबकि 1900 में डब्‍ल्‍यू. जे. विल्किंस ने हिंदू माइथोलॉजी, वैदिक एंड पुराणिक में इस देवी की मान्‍यताओं का सिंहावलोकन किया है। दुनिया के कोई सात धर्मों में इसकी अलग अलग नामों से मान्‍यता मिलती है। जापान आदि में यह सोपान देव के नाम से योरूवा धर्म में है। हमारे यहां बौद्धकाल में हारिति देवी के नाम से एक मातृका की पूजा की जाती थी, जिसकी गोद में बालक होता था, बालकों की रक्षा के लिए इसको पूजा जाता था। गांधार से तीसरी सदी की हारिति की मूर्तियां भी मिली हैं। ऐसा माना जाता है कि इस तरह की मान्‍यताओं का निकास इस्रायल, पेलेस्‍टाइन से हुआ। खासकर उन व्‍यापारियों से इसको पहचाना गया जो बर्तन आदि वस्‍तुओं का विपणन करने निकलते थे।

यह चेचक जिसे smallpox की देवी मानी जाती है। चेचक की व्‍याधि पूतना के नाम से पृथक नहीं है। भारत में इस व्‍याधि का प्रमाण 1500 ईसा पूर्व से खोजा गया है जबकि मिस्र में इसके प्रमाण 3000 वर्ष पूर्व, 1145 ईसापूर्व के मिलते हैं। वहां के राजा रामेस्‍सेस पंचम और उसकी रानी की जो ममी मिली है, उसमें इस रोग का प्रमाण है। चीन में इसका प्रमाण 1122 ईसापूर्व का मिला है, चीन से यह व्‍याधि कोरिया होकर 735-737 में जापान पहुंची तो महामारी की तरह फैली और एक तिहाई आबादी प्रभावित हुई। भारत में औरंगजेब के शासनकाल के 16-17 सितंबर, 1667 ई. के एक फरमान से ज्ञात होता है कि शीतला के स्‍थानकों पर हिंदुओं और मुस्लिमों की भीड लग जाती थी, उनको नियंति करने के लिहाज से राजाज्ञा जारी करनी पडी थी। गांव गांव शीतला के स्‍थानक, मंदिर मिलते हैं। चाकसू, वल्‍लभनगर, सागवाडा आदि में मध्‍यकालीन मंदिर मिलते हैं।

है न चेचकी की देवी शीतला की विश्‍वयात्रा की रोचक कहानी। हमारे यहां तो होली के दहन के दूसरे दिन से लेकर सात दिनों तक रोजाना महिलाएं उठते ही शीतला माता को ठंडी करने जाती है, इन दिनों को ही अगता मानकर उनका पालन करती हैं... एक व्‍याधि के शमन के लिए देवी की पूजा की मान्‍यता हमारी आस्‍था की पगडंडियों को मजबूती देती दिखाई देती है।

मंगलवार, 24 मार्च 2015

निसारदी : रागमाला चित्र सर्जक

मुगलकाल में मेवाड़ और अकबरी दरबार के बीच एक सांस्‍कृतिक प्रतिस्‍पर्द्धा भी रही। महाराणा प्रताप के काल में निसारदी नामक चित्रकार ने चावंड में रहकर जिन चित्रों की शृंखला रची, वह रागमाला के नाम से इतिहास प्रसिद्ध है। निसारुद्दीन ने अपने चित्रों पर निसारदी नाम से हस्‍ताक्षर किए हैं। उसने अपना सृजन 1596 से आरंभ किया और 1605 तक निरंतर रखा। यानी दो महाराणाओं के कार्यकाल तक यह कार्य हुआ। इसे महाराणा प्रताप (1572-1597 ई.) ने आरंभ किया और महाराणा अमरसिंह (1597-1615 ई.) के शासनकाल में पूरा हुआ। से रागमाला की इस चित्र श्रृंखला के बाद अन्‍यत्र भी रागमाला चित्र-श्रृंखलाएं बनीं। मेवाड में भी एक दूसरी रागमाला श्रृंखला साहबदीन ने तैयार की।

ताज्‍जुब इस बात का है कि रागमाला के नाम से कृतियों का सृजन अकबर के दरबार में हुआ था। प्रसिद्ध गायक तानसेन और विट्ठल पुंडरीक ने 'रागमाला' नाम से पुस्‍तकें लिखी हैं। विट्ठल पुंडरीक को जयपुर के कछवाहा वंश का संरक्षण प्राप्‍त था और तानसेन को अकबर का। मगर, इस कृति पर चित्रों की श्रृंखला खड़ी करने का श्रेय मेवाड़ को मिला।
मेवाड़ को यूं तो मुगल नीति विरोधी माना गया मगर इसी धरती पर रागमाला रची गई। है न दोनों सत्‍ताओं के बीच टकराव के दौर में सृजन के संकल्‍प का सुख और सौहार्द्र। यह शृंखला बहुत चर्चित रही। इसमें कम से कम 42 चित्र बनें। ये छह राग और 36 रागिनियों के थे। मारुराग के चित्र पर तो भारतीय डाक तार विभाग ने डाक टिकट भी जारी किया है।
(प्रस्‍तुत चित्र सोरठ रागिनी का है, गुजरात मूल की इस रागिनी में नायिका नायक तो तांबूल दे रही है। सोरठी गीतों में इस प्रकार की मनुहार परम्‍परा के गीतों की राग कभी सोरठी के नाम से ख्‍यात रही हो, यह सोचा जाना चाहिए।)

शनिवार, 21 मार्च 2015

परमारों का एक दुर्लभ अभिलेख

मित्रो, परमार राजवंश ने अपने समय को बहुत शानदार ढंग से जीया है, कई गौरवशाली राजा इस वंश में हुए हैं। इस वंश की उत्‍पत्ति भी अंग्निवेदी से मानी गई है... इस वंश के उद्भव के साक्षी के रूप में Kutch Itihas Parisad ने मुझे एक दुर्लभ शिलालेख भेजा है, उनके इस उपहार के लिए आभार,,, इसमें परमारों के मुनि द्वारा नामकरण का विचार आया है।
 
इसके अनुसार परमार धवल ने वल्‍लाल को मारा जो कि मालवा का शासक था। यह अन्‍य शासकों के बारे में भी जानकारी देती है,, प्रारंभिक देवनागरी लिपि के रूप में इसकाे देखना चाहिए जबकि ई की मात्रा को तो लिखा जाता था मगर ऐ की मात्रा को अक्षर से पूर्व ही खड़ी पंक्ति के रूप में लिखा जाता था। यह संस्‍कृत में लिखा गया है। 

इसका कुछ पाठ इस प्रकार पढ़ा जा सकता है--

इतश्‍च, अस्ति श्रीमानर्बुदाख्‍योद्रि मुख्‍य: शृंगश्रेणिर्बिभ्रदभ्रलिहो य:।
वृद्धिं विंध्‍य: किंपुनर्यात्‍य सावित्‍यादित्‍यस्‍य भ्रांतिमंतर्विधत्‍ते।। 10।।
तत्राथ मैत्रावरुणस्‍य जुद्वतश्‍चंडोग्नि कुण्‍डात्‍पुरुष: पुरो भवत।
मत्‍वा मुनींद्र: परमारणक्षमं स व्‍याह रत्‍तं परमार संज्ञया।। 11।।
पुरा तस्‍यान्‍वये राजा धूमराजाद्वयो भवत्।
येन धूमध्‍वजेन दग्‍धा वंशा: क्षमाभृताम्।।
12।।
अपरेपि न संदग्‍धा धधूध्रुव भटादय।
जाता: कृताहवोत्‍साह बाहवो बहवस्‍तत।। 13।।
तदनन्‍तरमभ्रंगित कीर्तिसुधा सिन्‍धु: शुंधित व्‍योमा।
श्रीरामदेवनामा कामादपि सुन्‍दर: सो भूत्।। 14।।
तस्‍मान्‍महीवविदितान्‍य कलत्र गात्र स्‍पर्शोयशो धवल इत्‍यवलम्‍बते स्‍म।
यो गुर्जरक्षितिपति पक्षमाजौ बल्‍लालमालभत मालवमेदिनीद्रम्।। 15।। इत्‍यादि।
 
बहुत खोजबीन से विदित हुआ है कि यह अभिलेख वीर विनोद नामक इतिहास ग्रंथ के भाग द्वितीय में शेष संग्रह के 11वें क्रम पर 1884 ई में प्रकाशित हुआ है, यह 14वीं सदी के पूर्वार्द्ध के किसी वर्ष का होना चाहिए, इसमें परमारों के मूल पुरुष धूमराज को बताया गया है और रामदेव के लिए कहा गया है वह अपने वंश में बहुत सुंदर था, उसके पुत्र धवल ने कुमारपाल के शत्रु मालवा के बल्‍लाल का हनन किया था, उसके पुत्र धारावर्ष ने कोंकण के राजा का वध किया, उसके अनुज प्रहलादन की वीरता व सोमसिंह के शौर्य का विवरण भी यह प्र‍श‍स्ति देती है..., हालांकि इस प्रशस्ति के अनेक अक्षर खंडित है और संवत की जानकारी देने वाली पंक्ति भी नदारद है... आबू वसिष्‍ठ के यज्ञ के लिए महशूर है किंतु इस प्रशस्ति में वसिष्‍ठ के पिता, उर्वशी के स्‍वामी मित्रावरुण को यज्ञकर्ता कहा है... वे यायावरी के लिए ख्‍यातनाम रहे।

शालिहोत्र - राजाभोज का एक अल्‍पज्ञात शास्‍त्र

धारा के परमार नरेश राजा भोज अपने साहित्यिक अवदान के लिए मशहूर हैं। उनके नामों की उपाधियां चौरासी, दरबार में विद्वान चौरासी, उनकी लिखी किताबें चौरासी,,, उनकी उम्र चौरासी थी या नहीं, यह तो मालूम नहीं, मगर चित्‍तौड़गढ़ में कुमारकाल बिताने के बाद 1010 से 1050 ई. तक भोजराज ने राज्‍य किया और अपने समय के श्रेष्‍ठ सर्जकों को अपने राजदरबार में आश्रय दिया। स्‍वयं ने भी कृपाण ही नहीं, कलम उठाई और कई ग्रंथ लिखे, उनका लिखा एक ग्रंथ 'शालिहोत्रम्' है।

शालिहोत्र अश्‍व का पर्याय है और युद्धोपयोगी इस पशु ने मानव की जो सहायता की, वह रोचक है। जानवरों के स्‍मारकों के रूप में सिकंदर के समय से ही अश्‍व की समाधियां बनती रही हैं। चाहे महाराणा प्रताप का अश्‍व चेटक ही क्‍यों न हो। अश्‍व विद्या पर भोज ने जिस शालिहोत्रम् की रचना की, वह संक्षिप्‍त किंतु गागर में सागर में भरने वाली कृति है। हालांकि अश्‍वपालन, अश्‍वशाला व अश्‍वों के आहार आदि पर भोज ने समरांगण सूत्रधार में भी पर्याप्‍त लिखा है, वह पहला ग्रंथ है जिसमें पहली बार संक्रमण से बीमारी होने की जानकारी दी गई है।

शालिहाेत्र में कुल 138 श्‍लोक हैं और ग्रंथकार ने अश्‍व पालन-पोषण, चिकित्‍सा आदि पर पर्याप्‍त रूप से जानकारी दी है। वह कहते हैं कि वर्णों के आधार पर श्‍वेत, लाल, पीले, सारंग, पिंग, नीले और काले घोड़े होते हैं किंतु उनमें सफेद अश्‍व श्रेष्‍ठ होता है - सितो रक्‍तस्‍तथा पीत: सारंग: पिंग एव च। नील: कृष्‍णोथ सर्वेषां श्‍वेत: श्रेष्‍ठ‍तम:स्‍मृत:।। इसके बाद घोडों की भंवरियां या आवर्त के बारे में लिखा गया है। अश्‍व की ऊंचाई आदि के प्रमाण के बाद उनके वेग, उन पर आरोहण, श्‍लेष्‍म रक्‍तलक्षण आदि की जानकारी दी गई है। रक्‍तमोक्षण में कहा गया है कि अश्‍वर के शरीर में 72 हजार नाडियां होती है और उसके आठ द्वार होते हैं। भोज ने अश्‍व की ऋतुचर्या को लिखने बाद शरद काल, हेमंत, शिशिर एवं वसंत कालीन रोगों की चिकित्‍सा की जानकारी है। घोड़ों के नस्‍य, पिण्‍ड के क्रम में वे विजलिका नामक औषधि का जिक्र करते हैं जो अश्‍वों को बल देने वाली है। इस ग्रंथ पर प्राचीनकाल में नकुल के लिखे 'अश्‍वचिकित्‍स' ग्रंथ का पूरा प्रभाव है।

आज ग्रंथों को पढ़ते-पढते ही शालिहोत्र हाथ आ गया तो सोचा कि यह जानकारी आपको भी मिले। यूं भारतीयों के पास अश्‍व के संबंध में लगभग दो दर्जन ग्रंथ है, मगर आज उनमें से एकाध की जानकारी भी शायद ही हो। कभी अश्‍व विद्या का पठन-पाठन हर आम ओ खास के लिए आवश्‍यक होता था क्‍योंकि तब असवारी (सवारी) का मतलब भी 'अश्‍व-सवार' लिया जाता था। यातायात के लिए यह बेहतर सवारी थी।

टोपी - कितनी पुरानी

लीजिये, इन दिनों हम सर्दी से बचाव को टोपी जरूर पहन रहे हैं। मुहावरों में तो टोपी पहनना और टाेपी पहनाना, इसकी टोपी उसके सिर, टोपी कुतर देना... इन से सब कोई परिचित है। भारत टोपियों से बहुत पुराने काल से परिचित रहा है। कपड़े, ऊन, दुकूल आदि की टोपियां बनती आर्इं हैं मगर वृक्षों के पत्‍तों की टोपियां भी पत्रपुट के नाम से चलन में रही, हालांकि उनका उपयोग दोने के रूप में अधिक हुआ।
क्षेमेंद्र ने वेशभूषाओं के जो चित्र अपने ग्रंथों में दिए हैं, उनमें तत्‍कालीन शब्‍दों का अच्‍छा प्रयोग किया है। जब मोजे चलन में आ गए थे, मोचोट शब्‍द का प्रयोग यही बताता है। यह फारसी के मुज़ा शब्‍द के निकट है। इन शब्‍दों में में टोपी के लिए भी शब्‍दों का व्‍यवहार हुआ है, भाषा का वेशभाषा के अनुसार प्रयाेग उनकी अपनी विशेषता है -

  1. टुप्पिका - टोपी

  2. कनटोप - घोघी

  3. शिर:शांटक -पाग जैसी टोपी या सफेद पग‍ड़ी

  4. सुसूक्ष्‍म दल विन्‍यास विभागोन्‍नत टुप्पिकम् - नमदा अथवा पट्टू की लघु कतरनों से बनी हुई टोपी जो किनारों पर उठी हुई होती थी

  5. उन्‍नत शिखर वेष्‍टन - सिर को बांधने वाली पाग या लपेटी गई टोपी

  6. शिरोशुक : घूंघट या मुख को ढंकने वाली टोपी जैसी रचना।

शिवधर्मपुराण जिसकी रचना हर्षवर्धन-बाणभट्ट के काल के आसपास हो चुकी थी में शिव को टोप भेंट करने का संदर्भ आया है। प्राचीन काल में शिवालयों में शरदका में टोपी दान करने के अनुष्‍ठान होते थे। दानखंडों में आए दानकृत्‍यों में टोपी दान करने के पुण्‍य भी लिखे गए हैं।
है न ये सब रोचक शब्‍द, हमारे लिए कुछ तो परिचित हैं और कुछ अपरिचित। मगर, इनमें से कुछ का आशय हम अपनी सुविधा के अनुसार करते आए हैं। शिव के लिंग पर टोप को धारण करवाया जाता रहा है। (यह चित्र प्रकाश मांजरेकर का उपहार है)

वज्रसंघात लेप : अद्भुत धातु मिश्रण

लोहस्‍तंभ को देखकर किसे आश्‍चर्य नहीं होता। यह किस धातु का बना कि आज तक उस पर जंग नहीं लगा। ऐसी तकनीक गुप्‍तकाल के आसपास भारत के पास थी। हां, उस काल तक धातुओं का सम्मिश्रण करके अद्भुत वस्‍तुएं तैयार की जाती थी। ऐसे मिश्रण का उपयोग वस्‍तुओं को संयोजित करने के लिए भी किया जाता था। यह मिश्रण '' वज्रसंघात '' कहा जाता था।
शिल्पियों की जो शाखा मय नामक शिल्पिवर के मत स्‍वीकारती थी, इस प्रकार का वज्र संघात तैयार करती थी। उस काल में मय का जाे ग्रंथ मौजूद था, उसमें इस प्रकार की कतिपय विधियों की जानकारी थी, हालांकि आज मय के नाम से जो ग्रंथ हैं, उनमें शिल्‍प में मन्दिर और मूर्ति बनाने की विधियां अध्‍ािक है, मगर 580 ई. के आसपास वराहमिहिर को मय का उक्‍त ग्रंथ प्राप्‍त था। वराहमिहिर ने मय के मत को उद्धृत करते हुए वज्रसंघात तैयार करने की विधि को लिखा है-

अष्‍टौ सीसकभागा: कांसस्‍य द्वौ तु रीतिकाभाग:।
मय कथितो योगोsयं विज्ञेयाे वज्रसंघात:।। (बृहत्‍संहिता 57, 8)

मय ने 8 : 2 :1: अनुपात में क्रमश: सीसा, कांसा और पीतल को गलाने का नियम दिया था, इससे जो मिश्रण बनता था, वह वज्रसंघात कहा जाता था। यह कभी नहीं हिलता था और वज्र की तरह चिपकाने के काम आता था। वराहमिहिर के इस संकेत के आधार पर 9वीं सदी में कश्‍मीर के पंडित उत्‍पल भट ने खाेजबीन की और मय का वह ग्रंथ खोज निकाला था। उसी में से मय का वह श्‍लोक वराहमिहिर की टीका के साथ लिखा था-

संगृह्याष्‍टौ सीसभागान् कांसस्‍य द्वौ तथाशंकम्।
रीतिकायास्‍तु संतप्‍तो वज्राख्‍य: परिकीर्तित:।।


आज वह ग्रंथ हमारे पास नहीं। मगर, इस श्‍लोक में कहा गया है कि इस मिश्रण के लिए सभी धातुओं को मिलाकर तपाया जाता था। इसके लिए उचित तापमान के संबंध में जरूर शिल्पियों को जानकारी रही होंगी, वे उन मूषाओं के बारे में भी जानते रहे होंगे, जो काम आती थीं। मगर, क्‍या हमारे पास इस संबंध में कोई जानकारी है,,, बस यही तो समस्‍या है।